देहरादून में भीषण जाम से हाहाकार! 100 मीटर का सफर तय करने में लगे 30 मिनट, घंटों सड़कों पर फंसे रहे वाहन
हे राम! उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार को ऐसा जाम लगा कि सड़कों पर गाड़ियां चलने के बजाय रेंगती नजर आईं। परेड ग्राउंड के चारों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और हालात ऐसे हो गए कि महज 100 मीटर का सफर तय करने के लिए भी लोगों को 20 से 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।
दरअसल, बुधवार दोपहर परेड ग्राउंड और उसके आसपास की सड़कें पूरी तरह वाहनों से पैक हो गईं। सर्वे चौक, प्रेस क्लब, गांधी पार्क और लैंसडाउन चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में भीषण जाम लग गया। चार पहिया वाहनों से लेकर दोपहिया वाहन चालक तक घंटों जाम में फंसे रहे।
बताया जा रहा है कि सचिवालय के बाहर चल रहे प्रदर्शन के चलते भी यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई।
जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात रहे, लेकिन इसके बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल पाई। कई स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों को दूसरे रास्तों से निकालने की कोशिश भी की।
वहीं, रेंजर्स ग्राउंड के बाहर और आसपास के इलाकों के साथ नगर निगम कार्यालय के बाहर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ऐसे में बुधवार को देहरादून की सड़कों पर निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।










