एक नाम के चलते पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दूसरा परिवार, शव को अपना समझकर फूट-फूटकर रोए परिजन, फिर हुआ चौंकाने वाला खुलासा
हे राम! एक नाम, एक सड़क हादसा और पोस्टमार्टम हाउस में अपनों को खोने का ऐसा दर्दनाक मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति का नाम भी प्रताप था और जिस दूसरे प्रताप के परिजन वहां पहुंचे थे, उसका नाम भी प्रताप ही था। बस इसी एक नाम की गलतफहमी ने पूरे परिवार को कुछ देर के लिए गहरे सदमे में डाल दिया।
दरअसल, मंगलवार दोपहर गाबा चौक पर 12 टायरा ट्रक की चपेट में आने से सुभाष कॉलोनी निवासी प्रताप की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी बीच भूतबंगला निवासी एक अन्य प्रताप भी बाइक लेकर घर से निकला हुआ था। कुछ देर बाद उसके परिजनों को सूचना मिली कि गाबा चौक पर प्रताप नाम के बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई है।
नाम एक होने के कारण परिवार ने समझ लिया कि हादसे का शिकार उनका ही प्रताप हुआ है। पत्नी, बच्चे और अन्य परिजन बदहवास हालत में पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। वहां शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण वे पहचान नहीं कर पाए और उसे अपना प्रताप समझकर रोने-बिलखने लगे। इतना ही नहीं, उन्होंने रिश्तेदारों को फोन कर मौत की खबर भी दे दी।
लेकिन तभी कहानी में ऐसा मोड़ आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। सुभाष कॉलोनी निवासी मृतक प्रताप के असली परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। उन्हें देखकर दूसरे परिवार ने शव को दोबारा ध्यान से देखा और तब जाकर गलतफहमी दूर हुई।
जिस प्रताप को वे अपना समझकर खोने का मातम मना रहे थे, वह उनका प्रताप नहीं था। यह जानकर परिवार ने राहत की सांस ली। हालांकि, कुछ देर तक पोस्टमार्टम हाउस में पसरा मातम और अपनों को खोने का डर हर किसी को झकझोर गया।










