घरवालों के कमरों की बाहर से बंद कर दी कुंडी, फिर उड़ाए 22 तोला सोने के जेवर! बिंदुखत्ता में शातिर चोरों का आतंक
उत्तराखंड के बिंदुखत्ता से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात देखिए, चोरों ने पहले परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं और फिर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
मामला सुभाष नगर के समीप दवाई फार्म निवासी गोधन सिंह बिष्ट के घर का है। परिजनों के मुताबिक, बीती रात करीब 12 से 2 बजे के बीच चोर घर में घुसे। उन्होंने सबसे पहले परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कीं और फिर जिस कमरे में जेवरात रखे थे, उसका ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स खंगाल दिए।
इन बॉक्सों में गोधन सिंह की पत्नी और उनकी तीन बहुओं के आभूषण रखे हुए थे। गोधन सिंह ने बताया कि रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर उनके बेटों ने फोन कर कमरे की कुंडी बाहर से बंद होने की जानकारी दी। जब वह ऊपर पहुंचे और कुंडियां खोलीं, तो जेवरात वाले कमरे का टूटा हुआ ताला देखकर चोरी का पता चला।
चोर घर से झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली समेत करीब 22 तोला सोने के आभूषण ले उड़े। इसके अलावा पायल, कंगन, बिछुए और अंगूठी समेत करीब चार तोला चांदी के गहने भी चोरी कर लिए।
इस वारदात के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। जिस तरह चोरों ने पूरे परिवार को कमरों में बंद कर चोरी को अंजाम दिया, उससे इलाके में भी चिंता का माहौल है।









