उत्तराखंड की 35 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिल सकती है बड़ी सौगात! मानदेय में 1500 से 2000 रुपये तक बढ़ोतरी की तैयारी, 15 दिन से जारी है आंदोलन
उत्तराखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश सरकार उनके मानदेय में 1500 से 2000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर सकती है। अगर इस प्रस्ताव पर मुहर लगती है, तो प्रदेश की 35 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। हालांकि, मानदेय बढ़ाने को लेकर अंतिम फैसला शासन स्तर पर होना बाकी है।
दरअसल, मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिछले 15 दिनों से आंदोलन कर रही हैं। उनकी नाराजगी की एक बड़ी वजह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच मानदेय का अंतर भी है। उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जबकि उत्तराखंड में फिलहाल उन्हें 9,300 रुपये मानदेय और 500 रुपये प्रोत्साहन भत्ता दिया जा रहा है।
इसी अंतर को देखते हुए उत्तराखंड में भी मानदेय बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने इस संबंध में कई राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन भी किया है। अध्ययन में सामने आया कि हिमाचल प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सबसे अधिक 16 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, वहां हर साल मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी भी की जाती है।
वहीं, उत्तराखंड में आंगनबाड़ी सहायिकाओं को फिलहाल 5,250 रुपये मानदेय और 250 रुपये प्रोत्साहन भत्ता मिल रहा है।
दूसरी तरफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग सिर्फ 1500 से 2000 रुपये की बढ़ोतरी तक सीमित नहीं है। वे अपना मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने के साथ ही सेवानिवृत्ति के समय 10 लाख रुपये की एकमुश्त सहायता देने की मांग भी कर रही हैं।
अब देखना होगा कि पिछले 15 दिनों से आंदोलन कर रही इन कार्यकर्ताओं की मांगों पर शासन कब तक फैसला लेता है और प्रस्तावित मानदेय वृद्धि को कितनी जल्दी मंजूरी मिलती है।









