गुजरात में भीषण सड़क हादसा! उत्तराखंड के 7 लोगों की दर्दनाक मौत, मृतकों में 3 महीने की मासूम बच्ची भी शामिल
गुजरात से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत महज 3 महीने की एक मासूम बच्ची की भी जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, सभी लोग भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे और रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शनिवार यानी 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर उनकी कार की एक ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी 30 वर्षीय सविता और उनकी तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा 35 वर्षीय राजेश सिंह रावत, उनकी 7 वर्षीय बेटी रक्षित, 30 वर्षीय रिंकी गोसाईं और उनकी 4 वर्षीय बेटी वामिका ने भी इस हादसे में जान गंवाई।
एक साथ सात लोगों की मौत से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक की लहर है। एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुजरात का यह हादसा सात परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।










