हरिद्वार में आकार लेने लगी अर्धकुंभ-2027 की अस्थायी नगरी! 4 प्रमुख क्षेत्रों में टेंट लगाने का काम शुरू, 35 हजार कार्मिकों के लिए 5 हजार से अधिक टेंट होंगे तैयार
हरिद्वार में अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियां अब जमीन पर नजर आने लगी हैं। गंगा के तटों पर मेले के लिए अस्थायी नगरी बसाने का काम शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप में कार्मिकों के आवास, कार्यालयों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में बाहरी सेक्टरों में भी टेंट स्थापना का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
अर्धकुंभ मेले के दौरान पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती होनी है। ऐसे में अलग-अलग सेक्टरों में उनके लिए आवासीय शिविर और अस्थायी कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं के लिए पांच हजार से अधिक टेंट लगाने की योजना है।
इस बार मेला नगरी में पारंपरिक और आधुनिक टेंटों का संगम देखने को मिलेगा। स्विस कॉटेज, ईपी, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ बड़े जर्मन हैंगर भी लगाए जाएंगे।
वहीं, अखाड़ों, आश्रमों और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के शिविरों को बसाने की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।
गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप पहुंचकर टेंट स्थापना के कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में सड़क, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था टेंट लगाने के साथ ही सुनिश्चित की जाए, ताकि मेले में तैनात होने वाले कार्मिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
यानि हरिद्वार में अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है और गंगा किनारे धीरे-धीरे एक अस्थायी मेला नगरी आकार लेने लगी है।











