पार्किंग को लेकर विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग! युवक ने चलाईं पांच राउंड गोलियां, इलाके में मचा हड़कंप
उत्तराखंड में गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग तक पहुंच गया। एक युवक ने विवाद के दौरान कथित तौर पर करीब पांच राउंड गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दरअसल, मामला रायवाला का बताया जा रहा है, जहां गाड़ी पार्क करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष में आक्रोश फैल गया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष देर रात तक कोतवाली में डटा रहा और पुलिस से कार्रवाई की मांग करता रहा।
वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
इस मामले में प्रभारी कोतवाली रायवाला मोहन सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अब सवाल यह है कि आखिर गाड़ी पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद इतनी बड़ी घटना में कैसे बदल गया? गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।











