उत्तराखंड के 100 से ज्यादा सरकारी अस्पताल उधारी पर! 40 करोड़ का बजट अटका, वेंडरों ने दी सेवाएं बंद करने की चेतावनी
उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। प्रदेश के 100 से अधिक सरकारी अस्पताल इन दिनों उधारी के सहारे चल रहे हैं। हालात ऐसे हो चुके हैं कि अस्पतालों पर करोड़ों रुपये की देनदारी जमा हो गई है और अब वेंडर भी भुगतान के लिए लगातार तगादा कर रहे हैं। कुछ वेंडरों ने तो सेवाएं बंद करने तक की चेतावनी दे दी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर अस्पतालों को समय पर बजट ही नहीं मिलेगा, तो मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कैसे मिलेंगी?
दरअसल, उत्तराखंड में चिकित्सा प्रबंधन समिति यानी सीपीएस से जुड़े 13 जिला अस्पताल, 22 उपजिला अस्पताल और 70 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस व्यवस्था के तहत आते हैं। इन अस्पतालों में हर साल समिति की बैठक आयोजित होती है, जिसमें विभिन्न जरूरतों को लेकर प्रस्ताव पास किए जाते हैं। इन बैठकों की अध्यक्षता जिलाधिकारी करते हैं और इसके आधार पर स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से बजट जारी किया जाता है।
आमतौर पर यह बजट हर साल मार्च-अप्रैल में जारी हो जाता है, लेकिन वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 40 करोड़ रुपये का बजट अब तक अटका हुआ है। यही वजह है कि अस्पतालों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जिला अस्पतालों को हर साल करीब एक से तीन करोड़ रुपये तक का बजट मिलता है, जबकि उपजिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को लाखों रुपये दिए जाते हैं। लेकिन इस बार बजट जारी नहीं होने से अस्पतालों को अपनी व्यवस्थाएं उधारी पर चलानी पड़ रही हैं।
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि अब वेंडरों का भुगतान भी लंबे समय से रुका हुआ है। कई अस्पतालों के अधिकारियों ने बताया कि वेंडर लगातार पैसे मांग रहे हैं और कुछ ने सेवाएं रोकने की चेतावनी भी दी है। अगर ऐसा हुआ तो अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाओं पर सीधा असर पड़ सकता है।
वहीं, इस बार बजट जारी करने की प्रक्रिया में बदलाव भी देरी की एक वजह बताया जा रहा है। पहले पिछले वर्षों के बजट के औसत के आधार पर अस्पतालों को राशि जारी कर दी जाती थी, लेकिन इस बार शासन ने जिलाधिकारियों से समितियों की बैठकों में पास हुए प्रस्तावों की सूची मांगी है। इसके साथ ही शासन स्तर पर अधिकारियों के तबादलों के कारण भी प्रक्रिया प्रभावित होने की बात सामने आई है।
हैरानी की बात यह है कि स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में इस मामले को लेकर कई बार बैठकें भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
अब सवाल यही है कि जब सरकारी अस्पतालों को ही बजट के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, तो स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन आखिर कैसे होगा? क्या सरकार जल्द ही 40 करोड़ रुपये का बजट जारी कर अस्पतालों को इस आर्थिक संकट से बाहर निकालेगी? फिलहाल प्रदेश के 100 से अधिक सरकारी अस्पतालों की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है।












