प्रेम प्रसंग के मामले में पंचायत बनी जंग का मैदान! सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर चाकू से हमला, तीन आरोपितों पर FIR
उत्तराखंड के हरिद्वार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग को लेकर बुलाई गई ग्रामीणों की पंचायत में ऐसा विवाद हुआ कि एक सरकारी अधिकारी पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामला हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी कमलेश पौड़ी गढ़वाल जिले के जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे।
इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके परिवार के एक युवक ने गांव की ही युवती के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागकर शादी कर ली है। बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल को उच्च न्यायालय से सुरक्षा प्रदान करने के आदेश भी मिले हुए हैं।
इसी मामले को लेकर युवती पक्ष के ग्रामीणों ने गांव में पंचायत बुलाई थी, जिसमें कमलेश भी मौजूद थे। लेकिन पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में कमलेश की गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आईं। घटना के बाद पंचायत में अफरा-तफरी मच गई। घायल अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वहीं, पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अब सवाल यह है कि जिस पंचायत में गांव का विवाद सुलझाने की कोशिश होनी थी, वहां आखिर मामला चाकूबाजी तक कैसे पहुंच गया?











