सड़क नहीं तो रास्ते में ही हुआ प्रसव! 3 किलोमीटर पैदल चली गर्भवती महिला, रास्ते में दिया बेटी को जन्म
पहाड़ों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी आज भी लोगों के लिए कितनी बड़ी मुसीबत बनी हुई है, इसकी एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। जहां एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के बीच तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा और अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने एक बेटी को जन्म दे दिया।
घटना बीते रविवार की है। जानकारी के मुताबिक, विकासखंड की ग्राम पंचायत गनोली के मौली तोक निवासी 24 वर्षीय गायत्री देवी को शनिवार शाम से ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। लेकिन गांव तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें अस्पताल पहुंचाना आसान नहीं था।
रविवार सुबह ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी और महिला के पति उसे लेकर मुख्य सड़क की ओर पैदल निकल पड़े। लेकिन रास्ते में ही महिला की पीड़ा बढ़ गई और करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करते हुए उसने सड़क पर ही बेटी को जन्म दे दिया।
इसके बाद ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता और महिला के पति ने मां और नवजात को अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि जच्चा और बच्चा दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
वहीं, ग्रामीणों की परेशानी की बड़ी वजह गैन-कांगुला-सैंजकट्टा सड़क है। बताया जा रहा है कि इस सड़क के तीन किलोमीटर हिस्से को अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है। यही वजह है कि आज भी ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए पैदल सफर करना पड़ता है।
अब सवाल यह है कि आखिर पहाड़ों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को कब तक इंतजार करना पड़ेगा? क्या किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेंगे?










