धामी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले! डॉक्टरों की 2 साल सरकारी सेवा अनिवार्य, वन आरक्षी भर्ती की उम्र 28 साल
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बड़े फैसलों की झड़ी लग गई। सचिवालय में आयोजित इस बैठक में कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और परिवहन समेत कई क्षेत्रों में सरकार ने अहम निर्णय लिए हैं।
सबसे पहले बात करते हैं युवाओं और रोजगार से जुड़े फैसले की। वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 साल से बढ़ाकर 28 साल कर दी गई है। यानी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को अब उम्र सीमा में तीन साल की अतिरिक्त राहत मिलेगी।
वहीं, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए अब दो साल तक सरकारी अस्पतालों में सेवा देना अनिवार्य होगा। इसके लिए सरकार बॉन्ड व्यवस्था लागू करेगी। सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर भी कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को भी मंजूरी दी गई है।
चिकित्सा क्षेत्र में एक और अहम फैसला लेते हुए ईएसआई योजना में अब बी फार्मा को भी शामिल कर लिया गया है। वहीं एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को भी स्वीकृति मिली है।
अब बात करते हैं आम जनता और शहरी सुविधाओं की। कैबिनेट ने भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में 25 प्रतिशत की कमी को मंजूरी दी है। हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था लागू करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिल गई है। इसके लिए रूट भी निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित होंगे। राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। सेतु आयोग के ढांचे को भी मंजूरी दी गई है।
चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान सरकारी बैंक से गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है। वहीं विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी मंजूरी दे दी गई है।
कुल मिलाकर धामी कैबिनेट के इन 23 फैसलों में युवाओं, डॉक्टरों, कर्मचारियों और आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया है। अब देखना होगा कि इन फैसलों का धरातल पर कितना और कब तक असर दिखाई देता है।










