₹500 की कुर्ती खरीदने के चक्कर में महिला ने गंवाए 13 लाख! पहले खाते में डलवाए ₹1,000, फिर दोगुने पैसे का दिया लालच, जयपुर से साइबर ठग गिरफ्तार
चंबा से साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। सोचिए जरा… एक महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए महज 500 रुपये की कुर्ती खरीदने का ऑर्डर दिया, लेकिन इस छोटी सी खरीदारी के चक्कर में उसे 13 लाख रुपये गंवाने पड़ गए।
जी हां, साइबर ठगों ने महिला को ऐसा अपने जाल में फंसाया कि पहले ऑर्डर फंसने का बहाना बनाया, फिर निवेश के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए।
मामला चंबा के बुरांसवाड़ी का है। जानकारी के मुताबिक, बीते अक्टूबर महीने में महिला ने एक ऑनलाइन शॉपिंग ऐप पर 500 रुपये की कुर्ती का विज्ञापन देखा और उसे ऑर्डर कर दिया। कुछ दिन बाद महिला के व्हाट्सऐप पर एक मैसेज आया। इसमें साइबर ठगों ने बताया कि उसका ऑर्डर कहीं फंस गया है और उसे आगे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 1,000 रुपये जमा करवाने होंगे।
महिला ने ठगों के बताए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने उसे लगातार अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया और देखते ही देखते महिला से करीब 3 लाख रुपये ठग लिए।
लेकिन ठगों का खेल यहीं नहीं रुका। इसके बाद उन्होंने महिला को लालच दिया कि उसका पैसा एक कंपनी में निवेश किया गया है और उसे जल्द ही दोगुनी रकम वापस मिलेगी।
महिला का भरोसा जीतने के लिए साइबर ठगों ने उसके खाते में 10 हजार रुपये भी ट्रांसफर किए। खाते में पैसे आने के बाद महिला को लगा कि निवेश का दावा सही है। इसी भरोसे में आकर उसने करीब 10 लाख रुपये और ठगों के बताए खाते में जमा कर दिए।
इस तरह 500 रुपये की कुर्ती खरीदने के चक्कर में महिला कुल 13 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गई।
जब महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने चंबा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजस्थान के जयपुर से एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
तो याद रखिए, ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर आने वाले अनजान व्हाट्सऐप मैसेज, अतिरिक्त भुगतान और पैसे दोगुने करने के लालच से सावधान रहें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही साइबर ठगों के लिए बड़ा मौका बन सकती है।











