उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं को धामी सरकार का बड़ा तोहफा! 1700 रुपये बढ़ा मानदेय, अब हर महीने मिलेंगे 10 हजार रुपये
उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी! धामी कैबिनेट ने मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर लगाई मुहर, 8300 से बढ़कर अब 10 हजार रुपये होगा मासिक मानदेय
उत्तराखंड में देखिए आशा कार्यकर्ताओं के लिए कितनी बड़ी राहत की खबर सामने आई है! प्रदेश की हजारों आशा कार्यकर्ताओं को अब हर महीने पहले से ज्यादा मानदेय मिलने वाला है। जी हां, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इसके बाद अब आशा कार्यकर्ताओं को हर महीने 8300 रुपये की बजाय 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
शुक्रवार को हुई धामी कैबिनेट की बैठक में आशा कार्यकर्ताओं से जुड़ा यह अहम फैसला लिया गया। आशा कार्यकर्ता प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी मानी जाती हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने, गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल, टीकाकरण और संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता फैलाने में उनकी अहम भूमिका रहती है।
ऐसे में मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी से आशा कार्यकर्ताओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें भवन निर्माण के नियमों में शिथिलता, जमीन के लैंड यूज परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी, हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर निर्माण और वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने जैसे फैसले भी शामिल हैं।
आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का यह फैसला प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में अहम योगदान देने वाली हजारों महिलाओं के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।












