8 साल बाद घर लौटे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल! बेटी की मुहिम लाई रंग, 2.51 करोड़ जुटाकर सऊदी से हुई वापसी
उत्तराखंड से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो इंसानियत, बेटी के संघर्ष और लोगों की एकजुटता की मिसाल बन गई है। सऊदी अरब में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में उलझे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार भारत लौट आए हैं। जी हां, गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। उनकी घर वापसी के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने जिस तरह लगातार संघर्ष किया, वह अब रंग लाता नजर आया है।
इंद्रमणि की वापसी के लिए करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपये जुटाए गए, ताकि सऊदी अरब की अदालत की ओर से तय मुआवजे की रकम जमा कराई जा सके। इस अभियान में देश-विदेश के लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया और आखिरकार लंबे इंतजार के बाद इंद्रमणि अपने देश लौट सके।
दरअसल, इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां रियाद की एक निजी कंपनी में वह ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। लेकिन वर्ष 2019 में उनके ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था।
इस मामले में सऊदी अरब की अदालत ने इंद्रमणि को करीब एक साल की जेल की सजा सुनाई थी। उन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत निर्धारित मुआवजे की रकम जमा नहीं होने के कारण उनकी भारत वापसी अटक गई।
बताया गया कि दुर्घटना के समय ट्रक का बीमा नहीं था। अदालत की ओर से मृतकों के परिजनों को मुआवजे के तौर पर 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया गया था, जो भारतीय मुद्रा में करीब 2.51 करोड़ रुपये बनते थे। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए बेहद मुश्किल था।
लेकिन बेटी दीपिका नौटियाल ने हार नहीं मानी। पिता को वापस लाने के लिए उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से लगातार संपर्क किया। सोशल मीडिया पर उनकी अपील के बाद उत्तरकाशी से शुरू हुई मदद की मुहिम देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों तक पहुंच गई। लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान दिया और इस सामूहिक प्रयास से मुआवजे की रकम जुटाई गई।
अब वर्षों के इंतजार, कानूनी उलझनों और आर्थिक मुश्किलों के बाद इंद्रमणि नौटियाल दिल्ली पहुंच चुके हैं और अपने परिवार के पास लौटने का रास्ता साफ हो गया है। यह कहानी केवल एक व्यक्ति की घर वापसी नहीं, बल्कि एक बेटी की कोशिश और लोगों की एकजुटता की भी मिसाल बनकर सामने आई है।










