100 किलो सोने का लालच देकर लाखों की ठगी का आरोप! खटीमा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को किया गिरफ्तार
खटीमा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घर या जमीन में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे कथित तौर पर कहीं जाने की फिराक में थे।
मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके साथियों ने उसके पिता को घर या जमीन में भारी मात्रा में सोना दबा होने का लालच दिया। आरोप है कि तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई।
शिकायत में जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लेने का भी आरोप है। इन दस्तावेजों में करीब 46 लाख और 80 लाख रुपये की धनराशि का उल्लेख होने की बात कही गई है।
इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके पिता को कार में ले जाकर बंधक बनाया गया और हथियार दिखाकर धमकाया गया। साथ ही, झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने, करीब 10 लाख रुपये नकद लेने और जमीन को कथित तौर पर कम कीमत पर बिकवाने की साजिश रचने के आरोप भी लगाए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेजों, पैसों के लेन-देन और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है।











