बागेश्वर में मंच पर माला को लेकर हरीश रावत और यशपाल आर्य में खींचतान! एक-दूसरे को माला पहनाने से करते रहे इनकार, वीडियो वायरल
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर एकजुटता की कोशिशें जारी हैं, लेकिन नेताओं के बीच कथित गुटबाजी की चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी बीच बागेश्वर में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के पहली बार बागेश्वर पहुंचने पर पार्टी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन आर्य ने हाथ जोड़कर माला पहनने से इनकार कर दिया।
इसके बाद यशपाल आर्य ने खुद एक कार्यकर्ता से माला लेकर हरीश रावत को पहनाने की कोशिश की, लेकिन इस बार रावत ने भी माला पहनने में आनाकानी की और आर्य के हाथों से माला ले ली।
मंच पर यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। यशपाल आर्य अपनी जगह बदलकर कुमारी शैलजा के दूसरी तरफ आ गए, लेकिन हरीश रावत फिर उनके पास माला लेकर पहुंचे। इस बार भी आर्य ने हाथ जोड़कर माला पहनने से इनकार किया और खुद रावत को माला पहनाने की कोशिश करने लगे। हालांकि, रावत ने हंसते हुए अपने हाथ पीछे कर लिए।
इसी बीच हरीश रावत ने हंसते हुए आर्य को माला थमा दी और आर्य ने वह माला रावत को पहना दी, लेकिन इसके बाद भी आर्य ने रावत के हाथों से माला पहनने से इनकार कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा सिर झुकाकर हंसती नजर आईं, जबकि अन्य नेता भी इस दृश्य पर मुस्कुराते दिखे।
हालांकि, यह घटनाक्रम सम्मान में माला पहनाने को लेकर था, लेकिन चुनाव से पहले मंच पर दिखी इस खींचतान को लेकर कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता पर सवाल और चर्चाएं जरूर शुरू हो गई हैं।










