चमोली में भालू का आतंक! गोशाला में घुसकर गाय को मार डाला, बचाने पहुंचे परिवार के 4 लोगों पर हमला
उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ में मंगलवार सुबह भालू के हमले से हड़कंप मच गया। भालू ने पहले गोशाला में घुसकर गाय पर हमला किया, जिससे गाय की मौत हो गई। लेकिन जब परिवार के लोग गाय को बचाने के लिए पहुंचे, तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए हैं, जिनमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
दरअसल, यह घटना ज्योतिर्मठ नगर के सिंहधार वार्ड की है। मंगलवार सुबह एक गोशाला में भालू ने गाय पर हमला कर दिया। गाय की जान बचाने के लिए परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
इस घटना के बाद सिंहधार वार्ड समेत आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गोशाला में घुसकर गाय को मारने और उसे बचाने पहुंचे लोगों पर हमला करने की इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
अब क्षेत्र के लोग भालू की मौजूदगी को लेकर चिंतित हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।










