चमोली को 231.91 करोड़ की सौगात! CM धामी ने 12 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
चमोली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली जिले में 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन योजनाओं के माध्यम से जिले में पेयजल व्यवस्था, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
गैरसैंण में पेयजल के लिए बनेगा बांध
शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे बड़ी योजना गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने से जुड़ी है। रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।
राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण के लिए 12.16 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास भी किया गया। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण के लिए 22.75 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों के लिए 6.99 करोड़ रुपये और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के लिए 5.60 करोड़ रुपये की योजनाएं भी शामिल हैं।
34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह विकास योजनाओं का भी लोकार्पण किया। इनमें खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर 14.82 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भी शामिल है।
इन विकास योजनाओं से चमोली जिले में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय लोगों को पेयजल, सड़क, शिक्षा व अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा।










