देहरादून में देर रात दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई स्कूटी; दो युवकों की मौत
देहरादून: राजधानी देहरादून में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। राजपुर रोड पर कालसंग रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा 27 और 28 नवंबर की मध्यरात्रि को हुआ। सिटी कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद डालनवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायलों के परिचित उन्हें अस्पताल लेकर जा चुके थे।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय शुभम सेमवाल निवासी एकता विहार, माता मंदिर रोड और 35 वर्षीय अंकुर रावत निवासी ओम विहार, अजबपुर कलां के रूप में हुई है। दोनों युवक स्कूटी नंबर UK07AA3998 पर सवार थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई थी। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को राजपुर रोड स्थित डैफोडिल्स होटल में खड़ा कराया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।










