देहरादून के समर वैली स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपों पर बवाल, कांग्रेस कार्यकर्ता गेट फांदकर स्कूल में घुसे!
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नामी समर वैली स्कूल में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। छात्राओं की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हालात उस समय और गरमा गए, जब स्कूल का गेट नहीं खोला गया। इसके बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता गेट पर चढ़कर दूसरी ओर कूद गए।
दरअसल, डालनवाला स्थित समर वैली स्कूल में 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने फिजिक्स के शिक्षक पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। परिजनों के मुताबिक, इस संबंध में स्कूल की प्रिंसिपल को लिखित शिकायत दी गई, जिस पर 15 छात्राओं ने हस्ताक्षर किए। शिकायत में शिक्षक के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
शुक्रवार को यह मामला उस समय गरमा गया, जब शिकायत लेकर पहुंची छात्रा और उसकी मां के साथ स्कूल परिसर में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप सामने आए। छात्रा की मां का आरोप है कि उन्हें और उनकी बेटी को घंटों स्कूल परिसर में रोके रखा गया और बाहर नहीं जाने दिया गया। इस दौरान स्कूल के गेट बंद कर उन पर ताले लगा दिए गए।
मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन के एक व्यक्ति ने छात्रा से छूकर यह बताने को कहा कि शिक्षक ने उसे किस तरह गलत तरीके से छुआ था। इस कथित व्यवहार पर छात्रा और उसके परिजनों ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि शिकायत को संवेदनशीलता से सुनने और उचित कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ असंवेदनशील व्यवहार किया गया।
वहीं, स्कूल परिसर में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। आरोप सामने आने के बाद संबंधित शिक्षक को निलंबित किए जाने की बात भी सामने आई है।
अब इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। छात्राओं की सुरक्षा, स्कूल प्रबंधन की भूमिका और शिकायत के दौरान कथित तौर पर हुए व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल, मामले में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अहम होगा।











