विकासनगर: देहरादून के विकासनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को घर में घुसकर ही पहले तो आरोपियों ने पीटा और उसके बाद उसका अपहरण कर लिया और फिरौती मांगी।
लेकिन देहरादून पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए इस मामले को मात्र कुछ घंटों में सुलझा दिया है। विकासनगर क्षेत्र के भोजावाला निवासी एक युवक शक्ति पुंडीर का घर में घुसकर अपहरण करने के बाद उसकी मां से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। अपहृत युवक को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, 2 मार्च को पुष्पा देवी (पत्नी स्व. सुरेश पुंडीर) ने विकासनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुछ बाइक सवार अज्ञात लोगों ने उनके घर में जबरन घुसकर उनके बेटे शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बिठाकर ले गए। घटना के कुछ समय बाद अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें अपहृत को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर तुरंत कई विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिसमें महत्वपूर्ण क्लू मिले। मुखबिरों की मदद से अपहरण में इस्तेमाल वाहन और आरोपियों की जानकारी जुटाई गई। रात होते-होते पुलिस ने कार्रवाई की और विकासनगर क्षेत्र से शक्ति पुंडीर को सुरक्षित छुड़ाया साथ ही पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी शातिर अपराधी हैं, जो नशे की लत वाले व्यक्तियों को निशाना बनाते थे। खुद को धार्मिक संगठनों से जुड़ा बताकर जेल भिजवाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते और फिरौती वसूलते थे।
गिरफ्तार आरोपी:
विकास वैरागी (35 वर्ष), निवासी हकीकत नगर, पुलिस लाइन, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)
नीरज (34 वर्ष), निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)
प्रवीन (44 वर्ष), निवासी पहाड़ी गली, विकासनगर
सचिन (31 वर्ष), निवासी जीवनगढ़, विकासनगर
नवीन (27 वर्ष), निवासी डांडा वार्ड 5, डाकपत्थर, विकासनगर
पुलिस ने मामले में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह सफलता देहरादून पुलिस की सतर्कता और त्वरित एक्शन का नतीजा है, जिससे अपराधियों में दहशत फैल गई है।









