गुजरात हादसे में उजड़ गए तीन परिवार! कोटद्वार पहुंचते ही तिरंगे में लिपटे सैनिकों और मासूम बच्चों के शव, हर आंख हुई नम
उत्तराखंड में देखिए क्या हुआ! गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के तीन परिवारों को ऐसा दर्द दिया है, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। हादसे में जान गंवाने वाले दो सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार तड़के सेना के वाहनों से कोटद्वार के कौड़िया स्थित सेना कैंप पहुंचाए गए। यहां से सभी के पार्थिव शरीर उनके घरों तक पहुंचाए गए।
जैसे ही अपनों के शव घर पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तिरंगे में लिपटे सैनिकों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और महज तीन महीने की बेटी शिविका के पार्थिव शरीर ध्रुवपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचाए गए। यहां सेना के जवानों ने उन्हें सैन्य सलामी दी।
वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और चार वर्षीय बेटी वामिका के पार्थिव शरीर मोटाढाक के शिवराजपुर स्थित आवास पर पहुंचाए गए। मां और बेटी को इस हालत में देखकर परिवार के लोग खुद को संभाल नहीं पाए।
इसके अलावा नायक राजेश सिंह रावत और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता के पार्थिव शरीर सिमलचौड़ स्थित उनके घर पहुंचाए गए। यहां भी माहौल गमगीन हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि तीनों परिवारों के अंतिम दर्शनों के बाद सभी का अंतिम संस्कार मुक्तिधाम में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
गुजरात के कच्छ में हुए इस हादसे ने न सिर्फ तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड को गहरे शोक में डुबो दिया है।










