हल्द्वानी में कार सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग, डेढ़ लाख की नकदी और फर्नीचर जलकर राख
उत्तराखंड के हल्द्वानी में रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। घटना कालाढूंगी रोड पर ऊंचा पुल के पास स्थित कार सर्विस सेंटर की है, जहां करीब दोपहर एक बजे आग भड़क उठी।
आग सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर और पब्लिक लाउंज वाले हिस्से में लगी थी। देखते ही देखते कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सेंटर संचालक विजय कुमार के मुताबिक, इसी हिस्से में बिलिंग काउंटर भी मौजूद था। आग की चपेट में आने से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, सोफा और अन्य फर्नीचर जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि दो वाटर टेंडर के साथ पहुंची दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।










