हरकी पैड़ी पर 18 दिन तक नहीं होगा गंगा स्नान! ऊपरी गंगनहर बंद, श्रद्धालुओं और व्यापारियों की बढ़ेगी परेशानी
उत्तराखंड के हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आई है। हरकी पैड़ी पर अगले 18 दिनों तक गंगा स्नान के लिए पानी की किल्लत रहने वाली है। दरअसल, सालाना मरम्मत कार्य के चलते मंगलवार की मध्यरात्रि से ऊपरी गंगनहर को बंद कर दिया गया है। अब सात नवंबर की मध्यरात्रि को गंगनहर दोबारा चालू की जाएगी। तब तक हरकी पैड़ी पर गंगा जल की उपलब्धता प्रभावित रहेगी।
हरकी पैड़ी में मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में गंगनहर बंद होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, इसका सीधा असर स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ने की आशंका है। खासकर त्योहारों के सीजन में गंगनहर बंद होने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। व्यापारी लंबे समय से इस अवधि में गंगनहर बंद करने का विरोध करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
इसका असर केवल हरिद्वार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के किसानों को भी सिंचाई के लिए पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। उत्तराखंड से होकर उत्तर प्रदेश जाने वाली गंगनहर बंद होने से कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
हालांकि, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण ने बताया कि गंगनहर बंदी के दौरान हरकी पैड़ी तक गंगा स्नान के लिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने के लिए कार्य किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के लिए जल उपलब्ध कराया जा सके।











