केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर! जम्मू-कश्मीर का डोली संचालक घायल, गौरीकुंड PHC में कराया उपचार
केदारनाथ धाम के पैदल मार्ग पर हादसे की खबर सामने आई है। बृहस्पतिवार सुबह चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। इस दौरान पत्थरों की चपेट में आने से एक डोली संचालक घायल हो गया। घायल की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर अजय कुमार को लग गए, जिससे उनके पैर में चोट आई। घटना के बाद उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था की गई और कंडी के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीकुंड पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया।
गौरतलब है कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर हर दिन श्रद्धालुओं के साथ-साथ डोली संचालक और अन्य लोग भी आवाजाही करते हैं। ऐसे में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं यात्रियों और वहां काम करने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे मार्ग पर सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।










