विकासनगर : कोतवाली विकासनगर क्षेत्र में एक युवती ने लोक गायक डब्ल्यू आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवती ने आरोप लगाया है कि लोक गायक ने उसे बदनाम करने के उद्देश्य से उसके नाम से गीत बनाए और मानसिक रूप से परेशान करने के साथ धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार, युवती ने तहरीर में आरोप लगाया कि 3 अप्रैल को जौनसार क्षेत्र के एक लोक गायक के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप में कालसी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद लोक गायक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली थी।
युवती के मुताबिक, हाईकोर्ट ने लोक गायक को इंटरनेट मीडिया पर इस मामले से संबंधित किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं करने का आदेश दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद लोक गायक ने युवती और उसके परिवार को मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया।
युवती ने आरोप लगाया कि उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उसे बदनाम करने के लिए जौनसारी गीत तैयार किए गए हैं। आरोप है कि इन गीतों के माध्यम से युवती को निशाना बनाया जा रहा है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि लोक गायक अश्लील गीतों को युवती के पिता और रिश्तेदारों को व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजता रहा। 24 जुलाई को भी पीड़िता के पिता को धमकी भरा संदेश भेजे जाने का आरोप लगाया गया है।
युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े आरोपों और साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








