6 नवंबर को बंद होंगे तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट, मक्कूमठ में होगी शीतकालीन पूजा
उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आई है। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट आगामी 6 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। विजयदशमी के पावन अवसर पर मक्कूमठ स्थित मर्कटेश्वर मंदिर में पंचांग गणना के अनुसार कपाट बंद होने की तिथि घोषित की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 6 नवंबर को कपाट बंद होने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल उत्सव विग्रह डोली रात्रि प्रवास के लिए चोपता पहुंचेगी। इसके बाद 7 नवंबर को डोली भनकुन पहुंचेगी, जबकि 8 नवंबर को भगवान तुंगनाथ की डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल मर्कटेश्वर मंदिर, मक्कूमठ में विराजमान होगी।
इसके बाद पूरे शीतकाल में मक्कूमठ स्थित मर्कटेश्वर मंदिर में भगवान तुंगनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। कपाट बंद होने की तिथि घोषित होने के साथ ही शीतकालीन यात्रा की तैयारियां भी महत्वपूर्ण हो गई हैं।











