रुहेलखंड से बुंदेलखंड तक भागता रहा मंत्री रेखा आर्या का पति! नेपाल और दिल्ली में भी बदले ठिकाने, आखिर झांसी में रिश्तेदार के घर से SIT ने किया गिरफ्तार
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा, लेकिन आखिरकार उत्तराखंड पुलिस की एसआईटी ने उसे गिरफ्तार कर ही लिया। रुहेलखंड से बुंदेलखंड तक भागने के बाद उसने बस्ती, प्रयागराज और नेपाल में भी शरण ली। इसके बाद दिल्ली पहुंचा और फिर झांसी में अपने एक रिश्तेदार के घर छिप गया।
आखिरकार शनिवार को एसआईटी ने झांसी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू पिछले कई दिनों से अपने रिश्तेदार के घर पर रह रहा था। एसआईटी को उसके झांसी में छिपे होने की भनक लगी तो टीम ने तुरंत वहां पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात से ही एसआईटी ने झांसी में डेरा डाल रखा था। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से रिश्तेदार के घर पर छिपे होने की सटीक सूचना मिली। सूचना की पुष्टि होते ही एसआईटी ने दबिश दी और उसे घर से ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर एक अज्ञात स्थान पर पहुंची, जहां काफी देर तक पूछताछ की गई। इस दौरान उसके भागने के दौरान इस्तेमाल किए गए ठिकानों और संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।












