औली में फिर लौटेंगे विंटर गेम्स! कृत्रिम बर्फ से सजेंगी पहाड़ों की ढलानें, 20 नवंबर से 700 KM की अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता; शीतकालीन पर्यटन से 12 महीने गुलजार रहेगा उत्तराखंड!
चारधाम यात्रा का सीजन समाप्त होने के बाद अब उत्तराखंड में पर्यटन की रफ्तार थमने वाली नहीं है। सरकार ने ऐसा प्लान तैयार किया है, जिससे देवभूमि उत्तराखंड में गर्मियों के साथ-साथ सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी।
बर्फ से ढके पहाड़, रोमांचक एडवेंचर गतिविधियां और आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन… सरकार अब शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देकर उत्तराखंड को साल के 12 महीने पर्यटन के नक्शे पर सक्रिय रखना चाहती है।
इसी योजना के तहत चमोली जिले के औली में एक बार फिर विंटर गेम्स आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। खास बात यह है कि यहां कृत्रिम बर्फ जमाने के लिए आर्टिफिशियल स्नोमेकिंग सिस्टम को दुरुस्त किया जा रहा है। वर्ष 2018 के बाद औली में शीतकालीन खेलों के आयोजन की उम्मीद एक बार फिर जगी है।
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की अहम भूमिका है। चारधाम यात्रा के बाद अब सरकार का फोकस शीतकालीन यात्रा, एडवेंचर टूरिज्म और वेलनेस टूरिज्म पर है। बाबा केदारनाथ, बदरी विशाल, मां गंगोत्री और यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, साहसिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए 20 नवंबर से अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है।
इस प्रतियोगिता में पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम रास्तों पर साइकिलिस्ट करीब 700 किलोमीटर का रोमांचक सफर तय करेंगे। इसमें 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एलीट और लाइसेंसधारी पेशेवर साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता की शुरुआत नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से होगी। इसके बाद साइकिलिस्ट बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी, टिहरी और उत्तरकाशी होते हुए 26 नवंबर को देहरादून पहुंचकर अपना सफर पूरा करेंगे।
अब बात औली की, जहां विंटर गेम्स को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहयोग से कृत्रिम बर्फ तैयार करने वाले सिस्टम की मरम्मत का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही पहाड़ों पर तापमान और नमी की नियमित निगरानी भी शुरू कर दी गई है। सिस्टम की बाकी मरम्मत दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
कुल मिलाकर उत्तराखंड सरकार की कोशिश है कि चारधाम यात्रा के बाद पर्यटन का पहिया न रुके। अगर औली में विंटर गेम्स का आयोजन सफल रहता है और एडवेंचर टूरिज्म को भी रफ्तार मिलती है, तो इससे प्रदेश में पर्यटन कारोबार, स्थानीय रोजगार और होटल व्यवसाय को भी नई उम्मीद मिल सकती है।










