देहरादून में 5 साल के मासूम पर कुत्ते का हमला! बच्चे को काटकर किया घायल, शिकायत के बाद मां-पुलिसकर्मी पति और पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी देने का आरोप
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पड़ोस में पाले गए कुत्ते ने 5 साल के मासूम बच्चे शिवम पर हमला कर उसे बुरी तरह काटकर घायल कर दिया।
बच्चे की मां नीलम के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले रामलखन कश्यप और उनकी पत्नी नीशु कश्यप ने कई कुत्ते पाल रखे हैं, जिनसे आसपास के लोगों को काफी परेशानी होती है।
आरोप है कि 11 अक्टूबर को इसी दंपती के एक कुत्ते ने उनके 5 वर्षीय बेटे शिवम को काटकर घायल कर दिया। इसके बाद नीलम ने अपने पुलिसकर्मी पति के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
लेकिन महिला का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के बाद कुत्ते के मालिक और उनकी पत्नी ने नीलम, उनके पुलिसकर्मी पति, मासूम बच्चे और कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों तक को जान से मारने की धमकी दी।
अब सवाल यह है कि पालतू कुत्तों के कारण अगर आसपास के लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? फिलहाल महिला की शिकायत के बाद मामला चर्चा में है।











