उत्तराखंड में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे दो लोग, तभी भरभराकर गिरा विशाल पेड़! एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
उत्तराखंड के भाबर स्थित जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े दो लोग अचानक विशाल पेड़ की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान हल्दूखाता निवासी 55 वर्षीय विक्रम उर्फ खटमल पुत्र छज्जू सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति किशनपुर निवासी 45 वर्षीय दलीप पुत्र शिवराज सिंह है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के समीप खड़े थे। इसी दौरान तेज अंधड़ आया और अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से प्रभावित हुए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायल दलीप को बाहर निकाला और उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, इस हादसे में विक्रम की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।










