उत्तराखंड: धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर खाई में गिरी मारुति ईको वैन, एक की मौत, दो घायल
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां मारुति ईको वैन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दरअसल, यह हादसा धुमाकोट तहसील मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर जड़ाऊखांद के पास हुआ। सोमवार देर शाम अदालीखाल से धुमाकोट की ओर आ रही मारुति ईको वैन जड़ाऊखांद से करीब 400 मीटर पहले अनियंत्रित हो गई और सड़क से लगभग 15 फीट नीचे जा गिरी।
हादसे के समय वैन में तीन लोग सवार थे। सूचना मिलने पर धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) धुमाकोट पहुंचाया गया।
हालांकि, चिकित्सकों ने उपचार के दौरान हीरा सिंह (43), पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम देवलाड, थाना धुमाकोट, जिला पौड़ी गढ़वाल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल वाहन चालक प्रदीप सिंह रावत उर्फ दीपू (38), पुत्र पान सिंह रावत, और पंकज (19), पुत्र महिपाल सिंह, दोनों निवासी ग्राम देवलाड, का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
धुमाकोट के थानाध्यक्ष सुनील पंवार के अनुसार, 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नैनीडांडा भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत से गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।











