उत्तरकाशी में बकरियां चराते समय भालू का हमला, 50 वर्षीय रणवीर सिंह गंभीर घायल; हेली एंबुलेंस से देहरादून रेफर
उत्तराखंड के उत्तरकाशी से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नौगांव क्षेत्र में भालू के हमले से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। कफनौल गांव के रहने वाले 50 वर्षीय रणवीर सिंह कफोला जंगल में बकरियां चरा रहे थे, तभी अचानक झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह कफोला पुत्र दयाराम कफोला रोज की तरह बकरियां लेकर गांव के पास स्थित जंगल में गए थे। इसी दौरान भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनके साथ मौजूद दूसरे बकरीपालक ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल रणवीर सिंह को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर करने का फैसला लिया गया।
इसके बाद प्रशासन से हेली एंबुलेंस की मांग की गई। घायल को कफनौल से करीब आठ किलोमीटर दूर धारी कलोगी से एयरलिफ्ट कर हेली एंबुलेंस के माध्यम से देहरादून भेजा गया, जहां उनका आगे उपचार किया जाएगा।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मुंगरसन्ति रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विवेक चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल के उपचार से संबंधित चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद कफनौल और आसपास के गांवों में ग्रामीणों के बीच डर का माहौल है। जंगल में बकरियां चराने और दूसरे कामों के लिए जाने वाले लोगों को अब वन्यजीवों के हमले की चिंता सता रही है। फिलहाल सभी को रणवीर सिंह के जल्द स्वस्थ होने का इंतजार है।










