देहरादून : वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UKTU) ने सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षा में पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद दो विषयों की परीक्षाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने Machine Learning for Internet of Things (IOTT004) और Electromagnetic Field Theory (ECT043) विषयों की पुनः परीक्षा (Re-Examination) कराने का निर्णय लिया है।

विश्वविद्यालय की ओर से 22 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, IOTT004 विषय के प्रश्नपत्र को परीक्षा से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले की जांच के लिए गठित विश्वविद्यालय स्तरीय समिति तथा संबंधित संस्थान की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट में शिकायत सही पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाले बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता द्वारा परीक्षा की गोपनीयता का गंभीर उल्लंघन किया गया। साथ ही यह आशंका भी जताई गई कि ECT043 विषय का प्रश्नपत्र भी इसी प्रकार प्रभावित हो सकता है। इसके आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों विषयों की परीक्षाएं निरस्त करने का फैसला लिया।
विश्वविद्यालय ने बताया कि दोनों विषयों की री-एग्जाम अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की विस्तृत समय-सारिणी (Date Sheet) और परीक्षा केंद्रों की सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी।
इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने संबंधित बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता को आगामी सात वर्षों के लिए विश्वविद्यालय की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया है। संबंधित संस्थान को भी परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।








