रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और खाद्य विभाग ने मिलावटी व अस्वच्छ मिठाइयों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में कई मिठाई दुकानों और निर्माण स्थलों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार नकली मावा तथा उससे बनी मिठाइयां बड़ी मात्रा में बरामद की गईं।
उत्तराखंड स्वीट्स पर छापा, कीड़े-मकौड़ों से युक्त खोया नष्ट
सबसे पहले टीम ने उत्तराखंड स्वीट्स पर छापेमारी की। यहां करीब 50 किलो खोया और छैना से बनी मिठाइयां मिलीं, जिनमें कीड़े-मकौड़े पाए गए। उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह के निर्देश पर इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। खोये के नमूने भी लिए गए तथा दुकान में गंदगी को लेकर चालान की कार्रवाई की गई। यह घटना उपभोक्ताओं के लिए चेतावनी है कि त्योहारों के मौसम में सस्ती मिठाइयों के पीछे स्वास्थ्य का जोखिम छिपा हो सकता है।
कुलदीप गुप्ता स्वीट्स से 80 किलो मिलावटी खोया व बर्फी जब्त
इसके बाद टीम कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पहुंची। यहां मिल्क पाउडर और रिफाइंड मिलाकर नकली मावा तैयार किया जा रहा था। दुकान संचालक ने पूछताछ के दौरान यह बात स्वीकार भी की। मौके से करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और लगभग डेढ़ कुंतल मिलावटी केक-लौज बरामद हुए। संचालक ने इन्हें स्वेच्छा से नष्ट करने की सहमति दी। सैंपलिंग के बाद पूरी सामग्री नष्ट कर दी गई। मामले में एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया अलग से चलाई जा रही है।
अवैध निर्माण स्थल पर भी कार्रवाई, गंदे टीनों में रसगुल्ले मिले
क्षेत्र में अवैध रूप से मिठाई निर्माण की सूचना पर भी छापा मारा गया। एक स्थान से रसगुल्ले गंदे टीनों में भरे मिले, जिनमें कीड़े, पतंगे और मक्खियां पड़ी हुई थीं। मिल्क पाउडर, रिफाइंड और अन्य सामग्री भी बरामद हुई। प्रथम दृष्टया इन रसगुल्लों को भी मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार किए जाने की संभावना जताई गई है। अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार मिठाइयों को स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक बताते हुए इन्हें भी नष्ट कराया गया।
अभियान मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया गया
उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि यह अभियान मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, सतपाल बाबू, राजस्व उपनिरीक्षक आकाश सैनी सहित खाद्य विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।







