देहरादून में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार का खुलासा, 3 महिलाएं और 3 पुरुष गिरफ्तार; नाबालिग रेस्क्यू
देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र के हरभजवाला में पुलिस ने किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में रैकेट का कथित सरगना भी शामिल है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को भी रेस्क्यू किया। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था। आरोप है कि बाद में उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को मुखबिर से हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक मकान में छापा मारा, जहां तीन महिलाएं और तीन पुरुष मिले। मौके से करीब 18 हजार रुपये नकद, आपत्तिजनक सामग्री और कुछ दवाइयां बरामद की गईं।
दिल्ली से महिलाओं को बुलाकर चलाया जा रहा था रैकेट
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मकान किराये पर लेकर कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, कथित सरगना दिल्ली और आसपास के इलाकों से महिलाओं को ग्राहकों की मांग के आधार पर देहरादून बुलाता था।
ग्राहकों से व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया जाता था और महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। ग्राहक की पसंद के बाद महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक द्वारा बताए गए स्थान पर भेजे जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।
फिलहाल पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नाबालिग से जुड़े आरोपों समेत पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।









