समझौते के बहाने घर बुलाया, फायरिंग कर 24 वर्षीय युवक की हत्या; पिता-पुत्र समेत 3 पर केस
भगवानपुर की प्रताप कॉलोनी में विवाद के बाद 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि समझौते की बात कहकर युवक को घर बुलाया गया, जहां तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे से गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, भगवानपुर निवासी सागर ने शिकायत में बताया कि उसका भाई आदित्य राणा उर्फ आदि राणा 1 अक्तूबर की रात करीब 9 बजे दोस्तों के साथ फाइनेंस कलेक्शन के सिलसिले में भगवानपुर गया था। इसी दौरान फाइनेंस के काम को लेकर उसका लक्की शर्मा उर्फ रोहित से विवाद हो गया। दोस्तों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद लक्की शर्मा ने आदित्य को फोन कर समझौते की बात कही और उसे अपने घर बुलाया। इसके बाद आदित्य अपने दोस्तों के साथ प्रताप कॉलोनी स्थित लक्की के घर पहुंचा। शिकायत के अनुसार, घर में लक्की अपने भाई राहुल शर्मा और पिता अनिल शर्मा के साथ मौजूद था।
आरोप है कि तीनों ने आदित्य को घर के अंदर बुलाया। इसी दौरान लक्की ने तमंचा निकालकर उसे धमकाया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद लक्की ने आदित्य के सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद आदित्य मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसके साथी वहां से निकल गए।
सूचना मिलने पर सागर मौके पर पहुंचा और एक दोस्त की मदद से आदित्य को मोटरसाइकिल से आरोग्यम अस्पताल ले गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर लक्की शर्मा उर्फ रोहित, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई है।









