ज्वालापुर में तेज रफ्तार बस का कहर, ऑटो और 4 कारों को मारी टक्कर; चालक का हाथ कटा
हरिद्वार के ज्वालापुर में सोमवार को तेज रफ्तार बस के अनियंत्रित होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने सड़क किनारे खड़े एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि त्रिलोक सिंह का एक हाथ गंभीर रूप से कटकर अलग हो गया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्गा चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों से जा टकराई। इस दौरान एक कुत्ता भी बस की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।










