हरिद्वार में हेमंत बिस्वा सरमा की पूजा-अर्चना, राहुल गांधी पर कसा तंज! ‘चंद्रयान-मंगलयान में जाएंगे, तब पूछना चमत्कार किया या नहीं’
नमस्कार! असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा हरिद्वार के प्रसिद्ध नारायणी शिला मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर अपने परिवार और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से लगातार नारायणी शिला मंदिर में पूजा करने आ रहे हैं। यहां पहुंचकर उन्हें असीम शांति की अनुभूति होती है।
वहीं, पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान हेमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राष्ट्रपति देश के राष्ट्रपति हैं और उनसे कोई भी मिल सकता है। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट में भी हर दिन हजारों लोग जाते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब राहुल गांधी चंद्रयान और मंगलयान में जाएंगे, तब उनसे पूछना कि उन्होंने कोई चमत्कार किया है या नहीं।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर भी साधा निशाना
हेमंत बिस्वा सरमा ने दिल्ली में हुए आंदोलन को तमाशा बताते हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उनके बारे में बात करने का कोई फायदा नहीं है। आज उन लोगों की बात होनी चाहिए, जो खुद को युवा शक्ति बताते हैं।
अब हरिद्वार से हेमंत बिस्वा सरमा के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।










