रेन बसेरे में ठहरे परिवार की 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
हरिद्वार: कोतवाली क्षेत्र में रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। बच्ची मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह बच्ची बदहवास हालत में वापस मिली, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बरेली निवासी परिवार कलियर में हाजिरी देने के लिए आया था और रेन बसेरे में ठहरा हुआ था। मंगलवार शाम बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची के परिजन लंगर लेने के लिए गए हुए थे। बुधवार सुबह बच्ची के वापस मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
इसके साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











