बहादराबाद में श्रीरामलीला के दौरान बवाल! पत्थरबाजी से मची अफरातफरी, महिलाओं समेत कई लोग घायल
हरिद्वार के बहादराबाद कस्बे में 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान हंगामा और पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग पहले रामलीला स्थल पर पहुंचे और शोर-शराबा करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के समझाने पर वे वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद करीब 25 से 30 अन्य लोगों के साथ दोबारा लौट आए।
श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष रविंद्र चौहान की शिकायत के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी और मंच की ओर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस घटना से कलाकारों और दर्शकों में अफरातफरी मच गई। पत्थर लगने से महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है।
हंगामे के चलते रामलीला का मंचन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। समिति अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि बहादराबाद कस्बे के शिव मंदिर में वर्षों से श्रीरामलीला का मंचन होता आ रहा है और इसी परंपरा के तहत इस वर्ष 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है।










