उत्तराखंड STF की चेतावनी! ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ और ‘रेंट ए गर्लफ्रेंड’ के नाम पर साइबर ठगी का जाल, अनजान ऐप से रहें सावधान
इंटरनेट पर गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड किराये पर उपलब्ध कराने के नाम पर मिल रहे ऑफर को आकर्षक ऑनलाइन सेवा समझने की भूल न करें, क्योंकि यह साइबर ठगी का जाल हो सकता है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लोगों को ऐसे फर्जी ऑफर से सतर्क रहने की अपील की है।
एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ या ‘रेंट ए गर्लफ्रेंड’ जैसी सेवाओं के नाम पर किए जा रहे दावों पर भरोसा करने से पहले सावधानी बरतें और संदिग्ध ऐप या वेबसाइट से दूर रहें।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, साइबर अपराधी इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को लुभावने ऑफर देकर अपने जाल में फंसा सकते हैं। किराये पर साथी उपलब्ध कराने का दावा करने वाले प्लेटफॉर्म के माध्यम से पहले लोगों से संपर्क किया जाता है, फिर रजिस्ट्रेशन फीस, बुकिंग चार्ज या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे मांगे जा सकते हैं।
इतना ही नहीं, आपकी निजी जानकारियों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश भी की जा सकती है।
ऐसे में किसी भी ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। अनजान ऐप या वेबसाइट पर अपनी निजी जानकारी, बैंक खाते का विवरण और ओटीपी साझा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से भी बचें।
याद रखें, केवल आकर्षक विज्ञापन या ऑनलाइन दावों के आधार पर किसी सेवा को वास्तविक न मानें। थोड़ी-सी सावधानी आपको बड़ी साइबर ठगी से बचा सकती है।











