नैनीताल में पटाखों से भरे ट्रक में लगी आग! सड़क पर होने लगे जोरदार धमाके, चालक ने कूदकर बचाई जान
उत्तराखंड के नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पटाखों से भरे एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। ज्योलीकोट के समीप ट्रक के पिछले हिस्से में आग लगते ही उसमें रखे पटाखे फूटने लगे। बीच सड़क एक के बाद एक हो रहे धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पटाखों से भरा एक ट्रक हल्द्वानी से ज्योलीकोट की ओर जा रहा था। इसी दौरान ज्योलीकोट के पास अचानक ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते पटाखे फूटने लगे और धमाकों की आवाज से सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
इस दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह ट्रक से उतरकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन पटाखों के लगातार फूटने के कारण आग बुझाने में मुश्किलें आने लगीं। दमकल विभाग की टीम को भी सूचना दी गई।
एहतियात के तौर पर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे सड़क के दोनों ओर यातायात प्रभावित हुआ। फिलहाल ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।










