उत्तरकाशी के स्यालना गांव में घर के अंदर गैस सिलिंडर में लगी आग, रसोई का सारा सामान जलकर राख!
उत्तराखंड के उत्तरकाशी से इस वक्त एक खबर सामने आ रही है, जहां तहसील बड़कोट के अंतर्गत स्यालना गांव में देर रात एक घर की रसोई में गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रसोई का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, गनीमत रही कि ग्रामीणों की सूझबूझ और समय रहते की गई मदद से आग पर काबू पा लिया गया और उसे घर के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात सरदार सिंह की रसोई में गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। घटना का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। इस हादसे में परिवार को रसोई के सामान के नुकसान का सामना करना पड़ा, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
वहीं, स्थानीय निवासी केंद्र सिंह पयाल ने अग्नि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थलीय निरीक्षण किया।
अब जरूरत है कि प्रभावित परिवार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को इस मुश्किल घड़ी में राहत मिल सके।










