देहरादून में नगर आयुक्त का अचानक एक्शन! बैठक के बहाने बुलाए इंस्पेक्टर, फोन जब्त कर सड़कों पर निकले, सुपरवाइजर सस्पेंड करने के आदेश
देहरादून, उत्तराखंड।
देहरादून की सड़कों पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर आयुक्त अचानक औचक निरीक्षण पर निकल पड़े। खास बात यह रही कि निरीक्षण से पहले उन्होंने सभी इंस्पेक्टरों को बैठक के बहाने नगर निगम कार्यालय बुलाया और उनके मोबाइल फोन जब्त करवा लिए। इसके बाद नगर आयुक्त खुद सभी इंस्पेक्टरों के साथ सड़कों पर उतर गए और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने लगे।
नगर आयुक्त का यह औचक निरीक्षण राजपुर रोड पर हुआ, जहां कई स्थानों पर कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर नगर आयुक्त ने संबंधित इंस्पेक्टरों और सुपरवाइजरों से जवाब तलब किया।
निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही एक सुपरवाइजर को निलंबित करने के आदेश दे दिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
अब सवाल यह है कि जब नगर आयुक्त खुद सड़कों पर उतरकर व्यवस्था की जांच कर रहे हैं, तो क्या आगे भी कर्मचारियों की ड्यूटी और सफाई व्यवस्था पर इसी तरह सख्ती बरकरार रहेगी? फिलहाल, इस औचक निरीक्षण को नगर निगम की कार्यप्रणाली में जवाबदेही तय करने की दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है।










