प्रेमी पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटा तो भड़की महिला! अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में हंगामा, एसडीएम कोर्ट में आत्महत्या की धमकी
अल्मोड़ा, उत्तराखंड।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक मामला उस वक्त चर्चा में आ गया, जब प्रेमी के अपनी पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज महिला ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर हंगामा किया। मंगलवार को महिला एसडीएम कोर्ट पहुंच गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। महिला के इस व्यवहार से कलेक्ट्रेट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, महिला का पहले से एक बच्चा है, जबकि युवक के दो बच्चे हैं। दोनों अपने-अपने जीवनसाथी को छोड़कर साथ रहने लगे थे और गुरुग्राम में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले युवक अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट आया और अपनी पहली पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा। इसी बात से नाराज महिला ने मंगलवार सुबह एसएसबी कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या करने की चेतावनी दी।
सूचना मिलते ही महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और महिला को सुरक्षित पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद दोनों की काउंसलिंग भी की गई। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। दोपहर में महिला दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंची और एसडीएम कोर्ट में हंगामा करते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगी।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। वहीं, युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
फिलहाल, इस मामले ने अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में काफी हलचल पैदा कर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों के संबंध में आवश्यक कदम उठाए हैं।










