करवाचौथ के चांद ने समेट दिया गैरसैंण विधानसभा का सत्र! दो दिन में खाली हुआ भराड़ीसैंण, मंत्री-विधायकों से लेकर अफसरों तक दिखी घर लौटने की जल्दबाजी
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा का दो दिवसीय सत्र इस बार करवाचौथ की तैयारियों के बीच जल्दबाजी के माहौल में नजर आया। हालात ऐसे रहे कि सत्र के दूसरे दिन सुबह से ही हर किसी के मन में एक ही सवाल था—आखिर सदन कितने बजे तक स्थगित होगा?
दरअसल, करवाचौथ के त्योहार को देखते हुए मंत्री-विधायकों से लेकर अधिकारी और कर्मचारी तक जल्द से जल्द घर पहुंचने को बेताब नजर आए। हर किसी की कोशिश थी कि समय पर घर पहुंचकर करवाचौथ पर अपनी अर्धांगिनी को चांद का दीदार करा सकें।
मंगलवार को सत्र के पहले दिन भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाड़ियों की कतारें और लोगों की खूब चहल-पहल देखने को मिली। लेकिन बुधवार को तस्वीर बिल्कुल बदली हुई नजर आई। सत्र के दूसरे दिन सड़क से लेकर सदन तक पहले जैसी रौनक नहीं थी। हर मिलने वाला अधिकारी एक-दूसरे से यही पूछता नजर आया कि सत्र कब स्थगित होगा।
दोपहर में सत्र स्थगित होने से पहले ही कई अधिकारी और कर्मचारी देहरादून लौटने की तैयारी में जुट गए थे। जैसे ही सदन की कार्यवाही स्थगित हुई, उसके महज एक घंटे के भीतर पूरा भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर लगभग खाली हो गया। एक के बाद एक गाड़ियां परिसर से निकलती चली गईं और हर कोई समय पर घर पहुंचने की जल्दबाजी में दिखा।
आखिरकार, करवाचौथ की तैयारियों और चांद के दीदार की उत्सुकता के बीच विधानसभा का दो दिवसीय सत्र समाप्त हो गया। मंत्री-विधायक और अधिकारी-कर्मचारी तो अपने घरों की ओर लौट गए, लेकिन पीछे रह गया भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर का वही पुराना सन्नाटा।










