उत्तराखंड के जेनी प्रकरण में नया मोड़! वायरल वीडियो में महिला ने दी सबूतों के साथ सामने आने की चेतावनी
उत्तराखंड में जेनी प्रकरण को लेकर अब एक नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। वायरल वीडियो में एक महिला खुद को जेनी बताते हुए अपने साथ हुई घटना को लेकर कई सवाल उठा रही है और मामले पर राजनीति करने वालों को खुली चुनौती देती नजर आ रही है।
वीडियो में महिला कह रही है कि लोगों ने उसके नाम को लेकर गंदगी मचा रखी है और राजनीति की जा रही है, लेकिन किसी ने यह जानने की कोशिश नहीं की कि उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था और क्या नहीं हुआ। महिला का कहना है कि इतने वर्षों बाद उसके नाम को लेकर लांछन लगाए जा रहे हैं, जबकि उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उसे खुद है।
इतना ही नहीं, महिला ने वीडियो में कहा कि साल 2003 में या उस दौरान उसके साथ जो कुछ भी हुआ, वह सब लोगों के सामने रखेगी। उसने कहा कि उसे केवल एक दिन का समय दिया जाए, जिसके बाद वह सबूतों के साथ सामने आएगी।
वहीं, महिला ने उसके बारे में सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं पर सवाल उठाते हुए लोगों से कहा कि वे पहले सच्चाई जानें। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद जेनी प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि महिला अपने दावे के समर्थन में कौन से सबूत सामने रखती है और इस पूरे मामले में आगे क्या नया खुलासा होता है।










