देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा! कार पर पलटा यूरिया से भरा ट्रक, एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 की मौत
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर बुधवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मोहब्बेवाला के पास यूरिया से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर आई-20 कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिनमें एक बुजुर्ग, उनका बेटा और पत्नी बताए जा रहे हैं। वहीं, कार के साथ मौजूद एक चालक की भी हादसे में जान चली गई। इस बीच राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और उसका घर देहरादून में भी है। सभी लोग सहारनपुर से देहरादून आ रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ समेत कई बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कार ट्रक के नीचे बुरी तरह पिचक चुकी थी, जिसके चलते अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए कटर से कार को काटना पड़ा। ट्रक को हटाने के लिए क्रेन भी बुलाई गई, लेकिन भारी वजन के कारण क्रेन से उसे हिलाना तक मुश्किल हो रहा था।
वहीं, ट्रक से यूरिया से भरे कट्टे भी निकाले गए। इस भीषण हादसे के कारण देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। एक लेन में वाहनों की कतार डाट काली मंदिर तक पहुंच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटने से भी राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी हुई।
पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को संभालने का काम भी किया। काफी मशक्कत के बाद हादसे के बाद प्रभावित मार्ग पर यातायात सुचारू करवाया गया। मोहब्बेवाला के पास हुआ यह हादसा इलाके के सबसे भीषण सड़क हादसों में से एक बताया जा रहा है।











