दीपावली पर 20 क्विंटल फूलों से सजा बाबा केदार का दरबार, भुकुंड भैरवनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद
दीपावली के पावन पर्व पर बाबा केदारनाथ धाम को करीब 18 से 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर से लेकर बाबा के दरबार तक की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस बीच, दीपावली के अवसर पर केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल और रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती ने इसकी जानकारी दी। इस धार्मिक आयोजन के दौरान स्थानीय हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति के सदस्य और पुलिस व प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही बाबा केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अब आगामी 11 नवंबर को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।










